हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: गेहूं कटाई के दौरान पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 11 वर्षीय बालक की मौत

हल्द्वानी के लामाचौर बछीनगर क्षेत्र में गेहूं कटाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां 11 वर्षीय बालक की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। यह घटना मुखानी थाना क्षेत्र की है, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बालक अपने परिवार के साथ खेत में गेहूं कटाई के दौरान मौजूद था। इसी दौरान वह गेहूं के पूलों को पानी में भिगोने के लिए पास में बने गहरे गड्ढे की ओर गया, जहां अचानक संतुलन बिगड़ने से वह करीब आठ फीट गहरे पानी में गिर गया।
परिजनों ने कुछ समय तक बालक की तलाश की, लेकिन जब पानी में उसकी चप्पल तैरती दिखाई दी तो उन्हें घटना का अंदेशा हुआ। इसके बाद उसे तुरंत पास के चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सौरभ कश्यप के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद का निवासी था। उसके पिता चंद्रभान कश्यप पेशे से राजमिस्त्री हैं और परिवार के साथ बछीनगर में किराए पर रह रहे थे। वे क्षेत्र में गेहूं कटाई का काम भी कर रहे थे।
बताया गया कि सौरभ पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था और हाल ही में पांचवीं कक्षा उत्तीर्ण कर छठी में प्रवेश किया था। अचानक हुई इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है और पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
इसे भी पढ़ें – उत्तराखंड के स्कूलों में हर शनिवार पढ़ाई जाएगी स्थानीय राजाओं की इतिहास गाथा
पुलिस के अनुसार पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।



