हल्द्वानी में वन दरोगाओं पर हमला, तस्कर बंदूक तोड़कर कारतूस लूट ले गए

हल्द्वानी के भाखड़ा रेंज में गुरुवार रात बेल फल तस्करों ने दो वन दरोगाओं पर हमला कर दिया। तस्करों ने दरोगाओं की बंदूक तोड़ दी और छह कारतूस लूट लिए। हमलावरों ने उनकी बाइक और मोबाइल फोन भी तोड़ दिए। वन विभाग की टीम ने बाद में तस्करों के ट्रैक्टर और खाली प्लॉट में छिपाए गए कट्टों में भरे बेल बरामद कर लिए। पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
भाखड़ा रेंज के वन दरोगा मनोज कुमार मेलकानी और मोहन सिंह चौहान गुरुवार रात लामाचौड़ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। वन निगम कटान प्लॉट के गेट नंबर 27 के पास उन्होंने दो बाइक और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जंगल से आते देखा। संदेह होने पर दोनों ने पीछा किया और लामाचौड़ प्रथम गेट के पास वाहनों को रोक लिया। ट्रॉली में बेल से भरे कट्टे लदे थे। इसी दौरान सात युवकों ने अचानक हमला कर दिया। उन्होंने दोनों दरोगाओं की बाइक और मोबाइल तोड़ दिए और लाठियों से हमला कर घायल कर दिया। दरोगा मोहन सिंह ने अपनी सरकारी बंदूक से बचाव के लिए गोली चलानी चाही, लेकिन तस्करों ने बंदूक छीनकर तोड़ दी और उसमें से छह कारतूस निकाल लिए। इसके बाद हमलावर गेट तोड़कर फरार हो गए।
हमले के बाद दोनों दरोगाओं ने दोबारा पीछा किया और कुछ दूरी पर ट्रैक्टर को खड़ा पाया। तलाशी लेने पर एक खाली प्लॉट में बेल से भरे कट्टे बरामद हुए। वन दरोगा मनोज कुमार की तहरीर पर मुखानी थाना पुलिस ने सूरज, राजकुमार, संजय, युवराज, जोगेंद्र, रोहित और राममूर्ति के खिलाफ सरकारी कर्मचारी पर हमला, घातक हथियार से हमला, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
वन दरोगाओं के अनुसार, चेकिंग के दौरान तस्कर सामान्य तरीके से खड़े थे, लेकिन अचानक उन्होंने हमला कर दिया। सभी हमलावरों की पहचान कर ली गई है, और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।
से भी पढ़ें – कुंवर प्रणव सिंह की न्यायिक हिरासत बढ़ी, लेकिन…..
महाशिवरात्रि के लिए की जा रही थी बेल की तस्करी
वन विभाग के अनुसार, आगामी महाशिवरात्रि को देखते हुए तस्कर जंगल से बेल फल तोड़कर ले जा रहे थे। इन फलों को यूपी के विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करने की तैयारी थी, लेकिन इससे पहले ही वन विभाग की टीम ने इसे बरामद कर लिया।