हल्द्वानी में ज्वेलर लाखों का सोना लेकर फरार, पीड़ितों ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

हल्द्वानी के लामाचौर क्षेत्र से ठगी का गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक ज्वेलर ग्राहकों का लाखों रुपये का सोना और नकदी लेकर फरार हो गया। पीड़ितों में अधिकतर महिलाएं शामिल हैं, जिन्होंने नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि पुलिस स्तर पर उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।
पीड़ितों के अनुसार ज्वेलर ने नए आभूषण बनाने, पुराने गहनों की मरम्मत और सोना सुरक्षित रखने के नाम पर करीब 228.3 ग्राम सोना और बड़ी मात्रा में नकदी ली थी। 6 फरवरी को आरोपी ने दुकान बंद कर दी और इसके बाद से उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
आरोपी की पहचान नरेंद्र सिंह रावत के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी पूजा रावत के साथ लामाचौर में मां भगवती ज्वेलर्स नाम से दुकान चला रहा था। दोनों मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के तारिखेत क्षेत्र के मोदी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार लंबे समय से क्षेत्र में रहने के कारण ज्वेलर ने लोगों का भरोसा जीत लिया था।
मंगलवार को मुखानी थाना क्षेत्र की सात महिलाओं ने एसएसपी को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सोमवार को जब वे मुखानी थाने पहुंचीं तो उनकी तहरीर दर्ज नहीं की गई। उन्होंने यह भी कहा कि ज्वेलर की पत्नी द्वारा उसी थाने में पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराना संदेह को और गहरा करता है।
पीड़ितों ने अपनी-अपनी क्षति का विवरण भी दिया है। पुरन सिंह बोहरा ने 40.550 ग्राम सोने के गहने और 100 ग्राम का सोने का सिक्का देने की बात कही। बसंती देवी ने 21.280 ग्राम सोना, 50 हजार रुपये नकद और 50 हजार रुपये ऑनलाइन देने का आरोप लगाया। पुष्पा कन्याल ने 20 ग्राम सोना और 1.85 लाख रुपये नकद, जबकि हेमलता दानू ने 26.4 ग्राम सोना, 27 हजार रुपये नकद और 48 हजार रुपये ऑनलाइन देने की जानकारी दी। निर्मला निगलटिया ने भी 20 ग्राम सोना देने की बात कही है।
पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और सोना व नकदी बरामद करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस घटना से कई परिवार आर्थिक संकट में आ गए हैं और यदि कार्रवाई में देरी हुई तो उनका भरोसा व्यवस्था से उठ जाएगा।




