मस्जिद के पास हनुमान चालीसा पाठ को लेकर तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

मस्जिद के पास हनुमान चालीसा पाठ को लेकर तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

देहरादून के थानो क्षेत्र में जौलीग्रांट के पास उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब मस्जिद के नजदीक स्थित मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ को लेकर विवाद हुआ। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने भारी बल तैनात किया और थानो चौक पर बैरिकेडिंग कर दी।

अधिकारियों के अनुसार कई हिंदू संगठनों के सदस्य थानो चौक पर एकत्र हुए थे। उनका उद्देश्य मस्जिद के पास स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना और हनुमान चालीसा पाठ करना बताया गया। पुलिस ने कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए बैरिकेड पर ही उन्हें रोक दिया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में स्थित मस्जिद अवैध है और उसका भवन मानचित्र स्वीकृत नहीं है। उन्होंने यह भी दावा किया कि परिसर में संचालित मदरसा वक्फ बोर्ड या उत्तराखंड सरकार में पंजीकृत नहीं है। स्थानीय निवासियों ने पहले प्रशासन और मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण से शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में मस्जिद परिसर का एक हिस्सा सील किया गया था।

इसे भी पढ़ें – हरिद्वार में जीएसटी विभाग का डाटा एंट्री ऑपरेटर रिश्वत लेते गिरफ्तार

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मस्जिद के पास धार्मिक पाठ की अनुमति देने से स्थिति बिगड़ सकती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए एहतियातन समूह को आगे बढ़ने से रोका गया। फिलहाल हिंदू संगठनों के सदस्य थानो चौक पर धरने पर बैठे हैं और मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ की अनुमति की मांग कर रहे हैं। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Saurabh Negi

Share