हरेला पर्व पर एक ही दिन में 5 लाख पौधे रोपे जाएंगे, ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम पर होगा आयोजन – सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज (मंगलवार) को प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए इसे उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और प्रकृति के प्रति आभार का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व न केवल हमारी लोक परंपराओं से जोड़ता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने का संदेश भी देता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष हरेला पर्व के अवसर पर पूरे प्रदेश में एक ही दिन में पांच लाख से अधिक पौधे रोपे जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और प्राकृतिक धरोहरों की रक्षा करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को हरेला पर्व से जोड़कर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान शुरू कर रही है। इस अभियान में गढ़वाल मंडल में तीन लाख पौधे और कुमाऊं मंडल में दो लाख पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया है।
धामी ने बताया कि पौधरोपण कार्यक्रम नदियों, गदेरों, जलस्रोतों, स्कूल-कॉलेजों, सरकारी परिसरों, पार्कों और गांवों में आयोजित किया जाएगा। अभियान में जनप्रतिनिधियों, एनसीसी, एनएसएस, स्कूल छात्रों, विभागीय कर्मियों और आमजनमानस की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। पूरे माह इस अभियान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड केवल धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि जैवविविधता के लिए भी खास है। ऐसे में राज्य के लोगों की पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे एक पेड़ धरती मां के नाम जरूर लगाएं और वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाएं। सीएम धामी हरेला पर्व के अवसर पर आरतोला, जागेश्वर में आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे।