हरिद्वार में जीएसटी विभाग का डाटा एंट्री ऑपरेटर रिश्वत लेते गिरफ्तार

हरिद्वार में जीएसटी विभाग का डाटा एंट्री ऑपरेटर रिश्वत लेते गिरफ्तार

हरिद्वार में जीएसटी विभाग में तैनात एक डाटा एंट्री ऑपरेटर को विजिलेंस टीम ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है। कार्रवाई सेक्टर-3 स्थित सहायक आयुक्त राज्य कर कार्यालय के पास की गई।

अधिकारियों के अनुसार हरिद्वार निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता की फर्म हिमांशी पैकेजिंग इंडस्ट्री वर्ष 2021 में बंद हो चुकी है। इसके बावजूद जीएसटी लागू होने से पहले के अंतिम तीन महीनों का 1.76 लाख रुपये का वैट बकाया बताया गया।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि डाटा एंट्री ऑपरेटर प्रमोद सेमवाल ने पुराने वैट बकाया को निपटाने के लिए 1.20 लाख रुपये नकद की मांग की। इस पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया। टीम ने आरोपी को 20 हजार रुपये लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।

आरोपी प्रमोद सेमवाल सिद्धार्थ एन्क्लेव, द्वारका विहार, फुटबॉल ग्राउंड के पास, जगजीतपुर, कंखाल का निवासी है। वह उपनल के माध्यम से करीब 18 वर्षों से राज्य कर विभाग में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत बताया गया है।

इसे भी पढ़ें – ऋषिकेश में आईजी अनंत शंकर का वाहन दुर्घटनाग्रस्त, कोई घायल नहीं

विजिलेंस विभाग ने बताया कि आरोपी पर पुराने वैट बिल निपटाने के नाम पर दबाव बनाने का आरोप है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Saurabh Negi

Share