राष्ट्रीय खेलों में हरिद्वार की बेटियों का जलवा, हॉकी में आठ खिलाड़ियों का चयन
राष्ट्रीय खेलों के लिए घोषित महिला हॉकी टीम में हरिद्वार की आठ बेटियों का चयन हुआ है। चयन कमेटी ने इन पर भरोसा जताया है, और ये उत्तराखंड के लिए पदक जीतने की उम्मीद जगाएंगी। वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम, रोशनाबाद में 4 से 13 फरवरी तक होने वाली हॉकी प्रतियोगिता में प्रदेश की महिला और पुरुष टीमों के 18-18 खिलाड़ियों को जगह मिली है।
महिला टीम में हरिद्वार से कहकशा अली, ज्योति मेहरा, सलोनी पिलखवाल, खुशी कटारिया, मुस्कान कटारिया, प्रीति शर्मा, आरती कलूड़ा और पूजा कलूड़ा शामिल हैं। खुशी कटारिया अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी वंदना कटारिया की भतीजी हैं। पुरुष वर्ग में हरिद्वार से केवल विशाल कुमार का चयन हुआ है, जो गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के छात्र हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।