हरिद्वार कांवड़ मेला: 5 से 15 फरवरी तक हरिद्वार–नजीबाबाद मार्ग पर भारी वाहनों पर रोक

हरिद्वार कांवड़ मेला: 5 से 15 फरवरी तक हरिद्वार–नजीबाबाद मार्ग पर भारी वाहनों पर रोक

हरिद्वार में शारदीय कांवड़ मेले को देखते हुए पुलिस ने कड़ा यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था 5 फरवरी सुबह 8 बजे से 15 फरवरी की मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान हरिद्वार–नजीबाबाद मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, ताकि कांवड़ यात्रियों की आवाजाही सुरक्षित और सुगम बनी रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया गया है। सभी अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मौके पर सख्ती से इसका पालन कराएं। यातायात व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आमजन की सुविधा और आपात सेवाओं की निर्बाध आवाजाही को ध्यान में रखकर बनाई गई है।

डायवर्जन प्लान के अनुसार, सिडकुल, देहरादून और ऋषिकेश से बिजनौर, मुरादाबाद या नैनीताल जाने वाले भारी वाहन हरिद्वार, रुड़की और मुजफ्फरनगर मार्ग से भेजे जाएंगे। वापसी में भी इन्हीं मार्गों का उपयोग किया जाएगा। खाद्य सामग्री, पेट्रोलियम उत्पाद, गैस और मेडिकल सेवाओं से जुड़े आवश्यक वाहनों को रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक हरिद्वार–नजीबाबाद–मुरादाबाद–नैनीताल मार्ग पर चलने की अनुमति होगी।

देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार से बिजनौर, मुरादाबाद और नैनीताल जाने वाली रोडवेज बसों को लाडपुर और नहर पटरी मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं बिजनौर और नजीबाबाद से हरिद्वार आने वाली बसें बिजनौर, गंगा बैराज, मोंटी तिराहा और मुजफ्फरनगर के रास्ते संचालित होंगी। कोटद्वार से हरिद्वार आने वाली निजी बसों के मार्ग में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

रुड़की–लक्सर–बलावाली मार्ग पर भारी और मध्यम वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर हल्के वाहनों पर भी अस्थायी रोक लगाई जा सकती है। नजीबाबाद से आने वाले छोटे निजी वाहनों को चिड़ियापुर, श्यामपुर, 4.2 डायवर्जन प्वाइंट, चंडी चौकी, दीनदयाल और पंतद्वीप मार्ग से भेजा जाएगा।

कांवड़ वाहनों को नजीबाबाद से चिड़ियापुर, श्यामपुर, 4.2 डायवर्जन प्वाइंट होते हुए गौरीशंकर और नीलधारा पार्किंग में रोका जाएगा। लौटते समय इन्हें हनुमान मंदिर तिराहा और चंडी चौक मार्ग से वापस भेजा जाएगा। भीड़ अधिक होने पर वाहनों को पार्किंग स्थल पर ही रोक दिया जाएगा।

इसे भी पढ़ें – गोपीश्वर सड़क हादसा: स्कूल बस चालक की लापरवाही से तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया

एसएसपी ने बताया कि पोस्ट ऑफिस तिराहा से हरकी पैड़ी और भीमगोड़ा बैरियर से हरकी पैड़ी तक जीरो जोन लागू रहेगा। शिवमूर्ति से देवपुरा चौक तक कई मार्गों को वन-वे किया गया है। भीड़ बढ़ने की स्थिति में चंडी चौक, शिवमूर्ति और तुलसी चौक पर ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जा सकता है।

Saurabh Negi

Share