हरिद्वार में तेंदुए का हमला, बहादराबाद कॉलेज के पास चाचा-भतीजा घायल

हरिद्वार में तेंदुए का हमला, बहादराबाद कॉलेज के पास चाचा-भतीजा घायल

उत्तराखंड के हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में तेंदुए के हमले से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। रोहालकी किशनपुर स्थित नेशनल इंटर कॉलेज के पास हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

घायलों की पहचान कपिल कुमार (36) और उनके भतीजे शुभम कुमार (26) के रूप में हुई है, जो रोहालकी किशनपुर के निवासी हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों मंगलवार रात करीब 8:30 बजे मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी खेतों से निकलकर तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान दोनों सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह तेंदुए को वहां से भगाया।

घायलों को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। खास बात यह है कि दो दिनों के भीतर यह दूसरी घटना है। इससे पहले एक 60 वर्षीय दुकानदार पर भी रात के समय तेंदुए ने हमला किया था, जिससे क्षेत्र में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधि को लेकर चिंता बढ़ गई है।

लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों ने वन विभाग पर समय पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम को कुछ समय के लिए ग्रामीणों ने रोक भी लिया और तेंदुए को पकड़ने के लिए तुरंत पिंजरे लगाने की मांग की।

वन क्षेत्राधिकारी शिशुपाल सिंह ने बताया कि रोहालकी गांव में दो पिंजरे लगाए जा रहे हैं और गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

लगातार हो रहे ऐसे हमले क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती समस्या को उजागर करते हैं। इससे ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा और त्वरित कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Saurabh Negi

Share