पत्नी ने बेटी के साथ मिलकर की पति की हत्या, आत्महत्या का रूप देने की कोशिश
हरिद्वार के लाहड़पुर गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और उसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। यह घटना श्यामपुर थाना क्षेत्र की है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
पुलिस के अनुसार महिला ने पहले अपने पति को शराब में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दीं और इसके बाद तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना को छिपाने के लिए महिला अपनी बेटी के साथ थाने पहुंची और दावा किया कि उसके पति ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है।
मृतक की पहचान बबलू के रूप में हुई है, जिसका शव उसके कमरे में संदिग्ध अवस्था में मिला था। जांच के दौरान परिवार के बयानों में विरोधाभास सामने आया, जिससे पुलिस को शक हुआ और मामले की गहराई से जांच शुरू की गई।
पूछताछ के दौरान दंपति के बेटे ने खुलासा किया कि उसकी मां और बहन ने मिलकर उसके पिता की तकिये से दबाकर हत्या की है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। नाबालिग बेटी को विधिक प्रक्रिया के तहत संरक्षण में लेकर किशोर गृह भेजा गया है।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से जहर का पैकेट, खाली शराब की थैली, पीने में इस्तेमाल किया गया स्टील का गिलास, दुपट्टा और घटना में इस्तेमाल किया गया तकिया बरामद किया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या की साजिश कथित अवैध संबंधों और पारिवारिक विवादों के कारण रची गई थी। आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि पति को इन संबंधों की जानकारी होने के बाद वह मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
इसे भी पढ़ें – नैनीताल में गैस संकट के बीच नई व्यवस्था लागू, पर्ची के आधार पर ही मिलेगा सिलेंडर
पुलिस मामले में महिला के कथित साथी और एक अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।
