पिथौरागढ़-मुनस्यारी और हल्द्वानी-अल्मोड़ा हेली सेवाएं हुई शुरू

पिथौरागढ़-मुनस्यारी और हल्द्वानी-अल्मोड़ा हेली सेवाएं हुई शुरू

देहरादून, 1 अक्टूबर  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान योजना) के तहत पिथौरागढ़-मुनस्यारी-पिथौरागढ़ और हल्द्वानी-अल्मोड़ा-हल्द्वानी हवाई सेवाओं का मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इन हेली सेवाओं के शुरू होने से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में आम नागरिकों का आवागमन सुगम होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अल्मोड़ा और मुनस्यारी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर हैं, जो प्राकृतिक सुंदरता और प्राचीन मंदिरों के लिए पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। हेली सेवाओं के शुरू होने से हल्द्वानी से अल्मोड़ा पहुँचने का समय 3-4 घंटे से घटकर कुछ मिनटों का रह जाएगा। इससे पर्यटन और आर्थिक विकास में भी गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई उड़ान योजना ने प्रदेश में हवाई संपर्क मजबूत किया है। राज्य में अब 18 हेलीपोर्ट्स से सेवाएँ संचालित की जा रही हैं, जिनमें से 12 हेलीपोर्ट्स पर सेवाएँ सफलतापूर्वक प्रारंभ हो चुकी हैं। इसके तहत गौचर, जोशियाड़ा, हल्द्वानी, मुनस्यारी, मसूरी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल और अल्मोड़ा जैसे क्षेत्रों को जोड़ा गया है।

पिथौरागढ़-मुनस्यारी सेवा सप्ताह में 7 दिन, प्रतिदिन दो बार चलेगी। पिथौरागढ़ से मुनस्यारी की उड़ान सुबह 10:30 और दोपहर 1:50 बजे है। मुनस्यारी से पिथौरागढ़ की उड़ान सुबह 10:50 और दोपहर 2:10 बजे चलेगी। हल्द्वानी-अल्मोड़ा सेवा सुबह 11:50 और दोपहर 3:10 बजे है, जबकि अल्मोड़ा से हल्द्वानी की उड़ान दोपहर 12:50 और शाम 4:10 बजे होगी। हवाई किराया ₹2500 है और टिकट online https://airheritage.in/ से बुक की जा सकती है।

इसे भी पढ़ें – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया

कार्यक्रम में सचिव युकाडा सचिन कुर्वे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष चौहान एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Saurabh Negi

Share