मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी प्रदेशवासियों को हिन्दी दिवस की शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिन्दी दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जारी संदेश में उन्होंने कहा कि हिन्दी केवल भाषा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक भावनाओं, आकांक्षाओं और आदर्शों का प्रतीक है। किसी भी देश की भाषा उसकी संस्कृति और परंपराओं को जोड़ने का माध्यम होती है। हिन्दी हमारी सभ्यता, संस्कृति और विरासत की पहचान है तथा यह देश की एकता और अखंडता का आधार भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिन्दी राष्ट्र की आत्मा है जिसने समाज को जोड़ा और सभ्यता को समृद्ध किया। आज विश्व पटल पर हिन्दी ने भारत को विशेष पहचान दिलाई है। यह केवल संवाद का साधन नहीं, बल्कि हमारी अस्मिता और भारतीयता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सहजता और सरलता से परिपूर्ण हिन्दी में समाज को जोड़ने और समन्वय स्थापित करने की अद्भुत क्षमता है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से हिन्दी को वैश्विक मंच पर विशेष स्थान मिला है। ‘मन की बात’ कार्यक्रम में हिन्दी के प्रयोग ने इसे अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। आज कई देशों में हिन्दी का अध्ययन हो रहा है और यह भाषा सामाजिक चेतना जगाने का अहम माध्यम बन चुकी है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी हिन्दी संघर्ष और एकता की भाषा रही।
इसे भी पढ़ें – नैनीताल एडीएम ने किया रामनगर–काशीपुर मार्ग का निरीक्षण, गड्ढों की मरम्मत शुरू
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हिन्दी के उत्थान के लिए लगातार प्रयासरत है। हिन्दी दिवस पर हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि अपने दैनिक जीवन में हिन्दी का अधिक से अधिक प्रयोग करें। मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि हिन्दी के गौरव और सम्मान के लिए हर व्यक्ति सहयोगी बने, क्योंकि हिन्दी भारत ही नहीं, बल्कि विश्व की सबसे लोकप्रिय भाषाओं में से एक है। यह देशवासियों के बीच सेतु का कार्य करती है और विविध भाषाओं के साथ सामंजस्य स्थापित करने की क्षमता रखती है।