विकासनगर के पास खाई में गिरी एचपी रोडवेज बस, तीन यात्रियों की मौत

उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश रोडवेज की एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। बस में कुल 36 यात्री सवार थे और यह हिमाचल प्रदेश के नेरवा से पांवटा साहिब जा रही थी। हादसा हरिपुर–कोटी–मीनास मार्ग पर क्वानू के पास हुआ, जहां अचानक नियंत्रण बिगड़ने से बस खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। खाई में गिरे यात्रियों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। पुलिस और प्रशासन की ओर से बताया गया कि इस दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, 13 घायल यात्रियों को उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं 10 यात्रियों का उपचार हरबर्टपुर स्थित लेहमैन अस्पताल में चल रहा है। तीन घायलों को पांवटा साहिब के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक यात्री को ग्राफिक एरा अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। सभी घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मृतकों की पहचान यास्मीन बेगम (46), पत्नी नेक मोहम्मद, निवासी क्यारला नेरवा, ऋचा (30), पत्नी बीरेंद्र, निवासी विजमल नेरवा, और धन बहादुर, निवासी क्यारला नेरवा, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी कालसी दीपक धरियाल ने बताया कि सभी यात्रियों को खाई से सुरक्षित निकाल लिया गया है और किसी के फंसे होने की आशंका नहीं है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें – देहरादून के इस गांव में शादी के नए नियम, शगुन ₹101 तय, बीयर पर पूरी तरह रोक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि जिला प्रशासन से लगातार संपर्क में रहते हुए राहत और बचाव कार्य के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रखा गया है और आवश्यकता पड़ने पर गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने की भी व्यवस्था की जाएगी।




