इकोन और वाटरग्रेस कंपनी पर डीएम की सख्ती, नगर निगम ने किया अनुबंध समाप्त

देहरादून, 26 अप्रैल – जिलाधिकारी सविन बंसल के प्रशासक कार्यकाल के दौरान नगर निगम की सफाई सेवाओं में अनियमितताओं को लेकर शुरू हुई जांच के बाद इकोन वेस्ट मैनेजमेंट सॉल्यूशंस प्रा. लि. और वाटरग्रेस कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। नगर निगम ने सफाई कार्य में लापरवाही और अनुबंध शर्तों के उल्लंघन के चलते इकोन कंपनी का अनुबंध समाप्त कर दिया है। कंपनी के पास 26 वार्डों में घर-घर कूड़ा उठान की जिम्मेदारी थी, जिसे अब सनलाइट कंपनी को सौंपा गया है।
प्रशासक रहते डीएम सविन बंसल ने सफाई व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की थी। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा था और वार्डों में नियमित सफाई नहीं हो रही थी। कई बार चेतावनी, अर्थदंड और नोटिस जारी करने के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद डीएम ने वाटरग्रेस को नगर निगम से बाहर किया और इकोन कंपनी के खिलाफ उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए थे।
जांच रिपोर्ट में सामने आया कि टेंडर प्रक्रिया में अनियमितताएं हुई थीं। भार्गव फैसिलिटी सर्विसेज प्रा. लि. द्वारा अनुबंध में बिना स्वीकृति के इकोन वेस्ट मैनेजमेंट को एसपीवी के तौर पर कार्यरत किया गया, जो टेंडर शर्तों का उल्लंघन था। इसके अतिरिक्त, इकोन को अनुबंध की तिथि से पहले के बिलों का भी भुगतान किया गया था।
नगर निगम ने कंपनी के कार्य व्यवहार पर लगातार मिल रही शिकायतों और कर्मचारियों की हड़ताल के चलते अनुबंध समाप्त करने का निर्णय लिया। निगम द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इकोन के आवंटित वार्डों की जिम्मेदारी अब सनलाइट कंपनी को सौंपी गई है। जल्द ही वाहनों का हस्तांतरण भी पूरा कर लिया जाएगा।
नगर निगम ने कहा है कि सफाई व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी की जाएगी। जांच के आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई संभव है।