उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने मनाया अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस

देहरादून – उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने आज (मंगलवार) को देहरादून स्थित उत्तराखंड सहकारिता संघ, विष्णु विहार परिसर में अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के पूर्व सलाहकार डॉ. राजेश नैथानी की मौजूदगी में हुआ। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
मुख्य अतिथि डॉ. राजेश नैथानी ने विश्वविद्यालय की इस विषय पर कार्यक्रम का आयोजन व सांकेतिक भाषा दिवस को मनाने के लिए विश्वविद्यालय की सराहना की। उन्होंने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे दिव्यांगजनों के अधिकारों और जरूरतों के प्रति प्रयासरत रहे और जागरूकता फैलाने में योगदान दें जिससे कि राज्य में ही नहीं अपितु देश में दिव्यांगता में कमी आए।
कुलपति प्रो. लोहनी ने अपने ऑनलाइन अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि सांकेतिक भाषा केवल श्रवण बाधित व्यक्तियों के लिए ही नहीं, बल्कि सामान्य लोगों के लिए भी उपयोगी है। उन्होंने कहा कि सांकेतिक भाषा संवाद का एक ऐसा माध्यम है, जो विभिन्न भाषाओं और संस्कृतियों के बीच सेतु का कार्य करती है। कुलपति ने विशेष शिक्षा विभाग को इस आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय अपने सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए समाज के वंचित वर्ग तक लगातार पहुंच बना रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विषय विशेषज्ञ सचिन लोधी ने प्रतिभागियों को सांकेतिक भाषा में रंगों की पहचान और हिंदी तथा अंग्रेजी वर्णमाला का प्रशिक्षण दिया। इससे पूर्व कार्यक्रम संयोजक व विशेष शिक्षा विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. सिद्धार्थ पोखरियाल ने सांकेतिक भाषा दिवस के महत्व और इतिहास पर प्रकाश डाला। क्षेत्रीय परिसर के प्रभारी निदेशक डॉ. सुभाष रमोला ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
इसे भी पढ़ें – UKPSC ने प्रधानाचार्य के 692 पदों पर निकाली भर्ती, आवेदन 12 अक्तूबर तक
सांकेतिक भाषा दिवस पर बीएड विशेष शिक्षा के छात्र तरुण कुमार को उनके प्रस्तुतीकरण के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन सांकेतिक भाषा में राष्ट्रगान के साथ हुआ। संचालन डॉ. नरेंद्र जगूड़ी ने किया। इस अवसर पर सहायक प्राध्यापिका पूजा शर्मा, सुश्री अंकिता सिंह, सुश्री निशा राणा, श्री तरुण नेगी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और विभिन्न सेमेस्टर के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।