इस बार ऋषिकेश में सात दिवसीय होगा योग महोत्सव, यहाँ करें रजिस्ट्रेशन

ऋषिकेश में 1 से 7 मार्च तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव में योग और आध्यात्मिक गुरुओं का सानिध्य मिलेगा। इस आयोजन का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।
20 हजार से अधिक योग साधकों के शामिल होने की उम्मीद
पर्यटन विभाग और गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) द्वारा गंगा रिजॉर्ट, ऋषिकेश में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में 20,000 से अधिक योग साधकों और प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज, आचार्य बालकृष्ण, स्वामी आत्मस्वरूप, जया किशोरी और अक्षत गुप्ता जैसी प्रमुख हस्तियां मार्गदर्शन देंगी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ होगा योग अभ्यास
महोत्सव के दौरान इंडियन ओशियन, प्रेम जोशुआ, ज्योति नूरान और नरेंद्र सिंह नेगी द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। विभिन्न सत्रों में ग्रैंड मास्टर अक्षर, योगी अभिषेक सोती, योगिनी उषा माता और डॉ. लक्ष्मी नारायण जोशी जैसे योगाचार्य प्रतिभागियों को योग का अभ्यास कराएंगे।
ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा
इस महोत्सव में भाग लेने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण किया जा सकता है। ऑनलाइन पंजीकरण GMVN की आधिकारिक वेबसाइट gmvnonline.com पर उपलब्ध है। इस बार महोत्सव को ‘ग्रीन थीम’ पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें आयोजन स्थल और गंगा तट पर विशेष सफाई अभियान भी चलाया जाएगा।