ज्योतिर्मठ में नमाज को लेकर विवाद के बाद भवन बंद, मुस्लिम समुदाय घरों में करेगा नमाज अदा

चमोली जिले के ज्योतिर्मठ नगर क्षेत्र में नगर पालिका के भवन में नमाज पढ़ने को लेकर उठा विवाद प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद सुलझा लिया गया है। निर्णय लिया गया है कि मुस्लिम समुदाय के लोग अब अपने घरों में ही नमाज अदा करेंगे। इसके साथ ही नगर पालिका की ओर से संबंधित भवन पर ताला लगा दिया गया है।
बृहस्पतिवार को नगर पालिका के भवन में नमाज पढ़ने का एक वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला सामने आया। इस पर कुछ संगठनों ने आपत्ति जताते हुए प्रशासन से शिकायत की। स्थिति को देखते हुए नगर पालिका ने देर शाम आपात बैठक आयोजित की, जिसमें भवन को बंद करने और मुस्लिम समुदाय को नमाज के लिए अलग व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया।
उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि नमाज पढ़ने के लिए नगर पालिका से औपचारिक अनुमति नहीं ली गई थी। इसलिए संबंधित भवन को बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मुस्लिम समुदाय ने भी घरों में नमाज अदा करने पर सहमति दी है। नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क है और किसी भी तरह माहौल बिगाड़ने की कोशिश पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
इसके साथ ही पुलिस को नगर में बाहर से आने वाले सभी लोगों का शत प्रतिशत सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी संस्था या प्रतिष्ठान में बिना सत्यापन के कर्मचारी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विवाद के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज निजी आवासों में अदा की गई। इफ्तेखार मलिक ने बताया कि वे कई वर्षों से यहां रह रहे हैं और पहले भी रमजान के दौरान नगर पालिका के भवन में नमाज अदा की जाती रही है, लेकिन इस बार लिखित अनुमति नहीं होने के कारण विवाद की स्थिति बनी।
सलीम राजा ने कहा कि उनके पूर्वज लंबे समय से इस क्षेत्र में रहते आए हैं और कभी कोई समस्या नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इस विवाद से आपसी भाईचारे पर कोई असर नहीं पड़ेगा।




