उत्तराखंड के पूर्व सैनिक कलम सिंह बिष्ट को सेना प्रमुख करेंगे सम्मानित

उत्तराखंड के पूर्व सैनिक कलम सिंह बिष्ट को सेना प्रमुख करेंगे सम्मानित

उत्तराखंड के पूर्व सैनिक और अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा ट्रेल धावक कलम सिंह बिष्ट को सेना प्रमुख द्वारा सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 21 जनवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित सेना मुख्यालय में प्रदान किया जाएगा। यह कार्यक्रम भारतीय सेना की ओर से आयोजित किया जा रहा है। कलम सिंह बिष्ट ने भारतीय सेना में चौथी गढ़वाल राइफल्स में सेवा दी है। सेवा काल के दौरान वे अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने गए। सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने राष्ट्रीय सेवा से जुड़ाव बनाए रखा।

सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने खेल और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से सक्रिय भूमिका निभाई। खेल जगत में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर की अल्ट्रा ट्रेल दौड़ प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। इन आयोजनों के जरिए पहाड़ी क्षेत्रों के खिलाड़ियों की क्षमता को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली।

सामाजिक क्षेत्र में कलम सिंह बिष्ट मुन्दोली राइडर्स क्लब के संस्थापक हैं। यह पहल पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों में बच्चों और युवाओं के लिए कार्य कर रही है जिसमे वह बच्चों को साइकिलिंग और रनिंग करवाते हैं। क्लब का उद्देश्य फिटनेस, अनुशासन, नशामुक्ति जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

इस पहल के तहत ग्रामीण और जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह सम्मान सेना सेवा, खेल उपलब्धियों और जमीनी सामाजिक कार्यों में योगदान को देखते हुए दिया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें  – उत्तराखंड में वन्यजीव हमलों में बढ़ोतरी, 19 दिनों में छह लोगों की मौत

सेना मुख्यालय में होने वाला यह समारोह उत्तराखंड से जुड़ी सामुदायिक पहलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देगा। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त सैनिकों की राष्ट्र निर्माण में भूमिका को भी रेखांकित किया जाएगा।

Saurabh Negi

Share