सूर्य देवभूमि चैलेंज 2025′ में कलम सिंह बिष्ट ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम किया रोशन

चमोली के सीमांत गांव मुन्दोली निवासी पूर्व सैनिक और सामाजिक कार्यकर्ता कलम सिंह बिष्ट ने ‘सूर्य देवभूमि चैलेंज 2025’ में स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। भारतीय सेना की गढ़वाल स्काउट्स द्वारा आयोजित इस त्रिदिवसीय आयोजन में उन्होंने 170 प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
18 से 20 अप्रैल तक चले इस आयोजन का उद्देश्य साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देना, पुराने चारधाम यात्रा मार्गों को पुनर्जीवित करना और वाइब्रेंट विलेज मिशन के तहत सीमांत क्षेत्रों के विकास को गति देना था। लखनऊ स्थित केंद्र कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मिश्रा ने इसका उद्घाटन किया।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान नेलोंग घाटी से भटवाड़ी तक 110 किमी की साइक्लिंग, भटवाड़ी से बूढ़ा केदार तक 37 किमी की ट्रेल रनिंग और घुत्तू से त्रियुगीनारायण तथा सोनप्रयाग तक कुल 41.3 किमी की दौड़ आयोजित की गई।
पूर्व सैनिक कलम सिंह बिष्ट, जो एक अनुभवी पर्वतारोही और अल्ट्रा ट्रेल रनर भी हैं, लंबे समय से हिमालयी क्षेत्रों के बच्चों के लिए प्रेरणास्त्रोत बने हुए हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय आत्मबल, निरंतर अभ्यास और ईश्वर के आशीर्वाद को दिया। साथ ही उन्होंने गढ़वाल स्काउट्स के उत्कृष्ट प्रबंधन और सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।
‘सूर्य देवभूमि चैलेंज 2025’ ने न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच दिया, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार और सामाजिक विकास को भी नई दिशा दी।