केदारनाथ: दुर्घटनाग्रस्त हेली एम्बुलेंस एक साल से पड़ी खराब, सेवा ठप

केदारनाथ: दुर्घटनाग्रस्त हेली एम्बुलेंस एक साल से पड़ी खराब, सेवा ठप

केदारनाथ में आपात स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी मानी जाने वाली हेली एम्बुलेंस पिछले एक वर्ष से क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी है। 17 मई 2025 को दुर्घटना के बाद से यह हेली एम्बुलेंस हेलीपैड के पास ही खराब स्थिति में खड़ी है, जिससे व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। यह हेली एम्बुलेंस एक महिला मरीज को लाने के दौरान खराब लैंडिंग की वजह से दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इसके बाद से यह सेवा पूरी तरह बंद पड़ी है, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में आपात चिकित्सा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

नियमों के अनुसार संबंधित एजेंसी को तीन दिन के भीतर नया हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराना था, लेकिन लगभग एक साल बीतने के बाद भी कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। इतना ही नहीं, क्षतिग्रस्त हेली एम्बुलेंस को भी अब तक वहां से हटाया नहीं गया है। इस सेवा की शुरुआत काफी इंतजार के बाद की गई थी, जिससे उत्तरकाशी और चमोली जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद जगी थी। प्रारंभिक दौर में इसने कई गंभीर मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई थी।

यह सेवा 20 सितम्बर 2022 को घोषित की गई थी और 29 अक्तूबर 2024 को इसका शुभारंभ किया गया था। लेकिन शुरू होने के कुछ ही महीनों बाद दुर्घटना के कारण यह पूरी तरह बंद हो गई।

चारधाम यात्रा के दौरान भी इसे एक महत्वपूर्ण आपात सेवा के रूप में देखा जा रहा था, ताकि श्रद्धालुओं को तुरंत चिकित्सा सहायता मिल सके। हालांकि यह सेवा एक पूरा यात्रा सत्र भी सही से संचालित नहीं हो पाई। संस्थान के अधिकारियों का कहना है कि सेवा को दोबारा शुरू करने के प्रयास जारी हैं। राज्य सरकार के साथ समन्वय कर गंभीर मरीजों के लिए हेली एम्बुलेंस सेवा बहाल करने की योजना बनाई जा रही है।

इसे भी पढ़ें – केदारनाथ बर्फ से ढका, हिमखंड टूटने से यात्रा मार्ग बाधित

लगातार देरी और निष्क्रियता ने राज्य के दुर्गम क्षेत्रों में आपात चिकित्सा व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Saurabh Negi

Share