केदारनाथ यात्रा तैयारी: मंदिर क्षेत्र में अब भी चार फीट बर्फ, हटाने के लिए टीमें तैनात

आगामी कदारनाथ यात्रा की तैयारियां जारी हैं, लेकिन मंदिर क्षेत्र में अब भी तीन से चार फीट तक जमी बर्फ व्यवस्थाओं के लिए चुनौती बनी हुई है। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए बर्फ हटाने के लिए विशेष टीमों को तैनात किया है और कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने केदारनाथ क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान केदारनाथ सभा, बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति और स्थानीय प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि बर्फ हटने के बाद ही मंदिर परिसर में दुकानों का आवंटन शुरू किया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार पेयजल, बिजली, आवास और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी बुनियादी सुविधाओं को चरणबद्ध तरीके से बहाल किया जाएगा, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी हो सकें।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से वर्तमान में मंदिर क्षेत्र में तीन पुलिसकर्मी और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के 12 जवान तैनात हैं। यात्रा शुरू होने पर भीड़ प्रबंधन और आपात स्थितियों से निपटने के लिए अतिरिक्त बल की व्यवस्था की जाएगी।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुचारू कर दी जाएंगी। हालांकि मार्च के अंत तक भारी बर्फबारी का बने रहना हाल के असामान्य मौसम का संकेत है, जिससे तैयारियों पर असर पड़ा है।




