खटीमा में संदिग्ध पेय पीने से दो की मौत, एक की हालत गंभीर, बोतलें बरामद

खटीमा में संदिग्ध पेय पीने से दो की मौत, एक की हालत गंभीर, बोतलें बरामद

खटीमा में देर रात संदिग्ध पेय पदार्थ के सेवन से बड़ा हादसा सामने आया है। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से शराब की बोतलें व एक संदिग्ध तरल पदार्थ से भरी बोतल बरामद की गई। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से सैंपल एकत्र किए हैं।

पुलिस के अनुसार, खटीमा कोतवाली को देर रात सूचना मिली कि कंजाबाग रोड पर शराब पीने के बाद तीन युवक अचानक गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं। पुलिस ने सभी को खटीमा उप-जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कंजाबाग निवासी दिल्लू राणा (52) को मृत घोषित कर दिया। वहीं सत्रह माइल निवासी प्रवेश राणा और मलकित सिंह राणा की हालत गंभीर होने पर उन्हें बरेली रेफर किया गया।

इलाज के दौरान मलकित सिंह राणा की भी मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या दो हो गई। तीसरा व्यक्ति अब भी उपचाराधीन है और उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

कोतवाली प्रभारी विजेंद्र शाह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में एक वाहन के भीतर संदिग्ध रासायनिक तरल से भरी बोतल मिली है। आशंका है कि तीनों ने उस तरल को पानी समझकर शराब में मिलाकर पी लिया। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

उप-जिला अस्पताल के चिकित्सक वी.पी. सिंह ने बताया कि पीड़ितों के शरीर से मिथाइल अल्कोहल जैसी तेज रासायनिक गंध आ रही थी। इससे जहरीले पदार्थ के सेवन की संभावना जताई जा रही है। जांच के लिए सैंपल सुरक्षित रख लिए गए हैं।

इसे भी पढ़ें – नेपाल सीमा के पास शादी की बस खाई में गिरी, 13 लोगों की मौत, 34 घायल

पुलिस ने बरामद सभी बोतलों को सील कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Saurabh Negi

Share