खेल महाकुंभ का नाम बदला, 23 दिसंबर से नए प्रारूप में शुरू होगी मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी

खेल महाकुंभ का नाम बदला, 23 दिसंबर से नए प्रारूप में शुरू होगी मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी

उत्तराखंड की प्रमुख खेल प्रतियोगिता खेल महाकुंभ अब नए नाम और नए स्वरूप में आयोजित की जाएगी। राज्य सरकार ने इसे मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी 2025–26 नाम दिया है। प्रतियोगिता की शुरुआत 23 दिसंबर से होगी। इसमें प्रदेशभर से खिलाड़ी 26 विभिन्न खेल विधाओं में भाग लेंगे।

खेल मंत्री रेखा आर्य ने सचिवालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता चार चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला चरण न्याय पंचायत स्तर पर होगा। इसके बाद विधानसभा स्तर, फिर लोकसभा क्षेत्र स्तर और अंत में राज्य स्तरीय मुकाबले होंगे।

मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी का समापन 28 जनवरी को किया जाएगा। समग्र विजेता का चयन विभिन्न खेलों में पदक जीतकर प्राप्त अंकों के आधार पर होगा। समग्र विजेता को 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि और मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी दी जाएगी। लोकसभा स्तर की विजेता टीम को सांसद ट्रॉफी के साथ 2 लाख रुपये और विधानसभा स्तर की विजेता टीम को विधानसभा ट्रॉफी के साथ 1 लाख रुपये दिए जाएंगे।

खेल मंत्री ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान यदि कोई खिलाड़ी राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ता है, तो उसे अतिरिक्त 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। पंजीकरण प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। अब तक 1 लाख 10 हजार से अधिक खिलाड़ी पंजीकरण करा चुके हैं। ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 22 दिसंबर तय की गई है।

दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए एथलेटिक्स, बैडमिंटन और तैराकी की अलग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी है, ताकि सभी वर्गों के खिलाड़ियों को समान अवसर मिल सके।

इसे भी पढ़ें – कैंची धाम के पास खाई में गिरी श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो, तीन की मौत, पांच घायल

खेल मंत्री रेखा आर्य ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना जूते और ट्रैकसूट के किसी भी खिलाड़ी को प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति न दी जाए। ठंड को देखते हुए खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था, खेल स्थलों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों की तैनाती, तथा आवश्यकता अनुसार आवास और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

Saurabh Negi

Share