कुंभ मेले की तैयारियों की समीक्षा के लिए हरिद्वार पहुंचे मुख्यमंत्री, 34 विकास कार्यों का शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचकर आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कुंभ मेला नियंत्रण भवन में अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत 34 प्रमुख विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। इन कार्यों पर लगभग 234 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत आएगी। ये सभी कार्य स्थायी प्रकृति के हैं, जिनका उद्देश्य कुंभ मेले का सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के साथ हरिद्वार शहर के दीर्घकालीन विकास को मजबूत करना है।
शिलान्यास किए गए कार्यों में घाट निर्माण और सिंचाई से जुड़े सात कार्य शामिल हैं, जिन पर लगभग 70 करोड़ 54 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा सड़क और परिवहन अवसंरचना से जुड़े 12 कार्यों के लिए करीब 127 करोड़ 23 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।
पेयजल और जल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नौ कार्यों पर लगभग 18 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत आएगी। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधाओं और अन्य सहायक व्यवस्थाओं से जुड़े छह कार्यों पर करीब 18 करोड़ 67 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला देश और दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा आयोजन है, इसलिए इसकी तैयारियों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से सभी कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।




