लक्सर फायरिंग मामला: हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी पर गोली चलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

लक्सर में पुलिस अभिरक्षा में ले जाए जा रहे हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि मुख्य आरोपी सनी यादव उर्फ शेरा (28), निवासी गुलज़ारपुर काशीपुर, और उसका साथी अजय (24), निवासी खर्मासा कॉलोनी काशीपुर, को खानपुर के जंगलों से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार विनय त्यागी रूड़की जेल में बंद था और उसे एक धोखाधड़ी मामले में लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान लक्सर–हरिद्वार हाईवे फ्लाईओवर पर बाइक सवार दो हमलावरों ने पुलिस वाहन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में विनय त्यागी को तीन गोलियां लगीं, जबकि दो पुलिसकर्मी भी मामूली रूप से घायल हो गए। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी पहले काशीपुर में डकैती के एक मामले में जेल जा चुके हैं। पुलिस के मुताबिक विनय त्यागी और सनी यादव के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि विनय त्यागी लगातार सनी यादव को जान से मारने की धमकियां दे रहा था। इसी कारण सनी यादव काफी समय से विनय त्यागी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। लक्सर में पेशी की जानकारी मिलने के बाद बदले की नीयत से फायरिंग की योजना बनाई गई।
इसे भी पढ़ें – अंकिता भंडारी मामले को लेकर लैंसडौन में प्रदर्शन, CBI जांच की मांग तेज
घटना के बाद घायल विनय त्यागी को पहले लक्सर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे कड़ी सुरक्षा के बीच उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। मामले की जानकारी मिलते ही एसपी ग्रामीण शेखर चंद सुयाल सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है।



