महाकुंभ 2025: एआई चैटबॉट से तीर्थयात्रियों को सुविधाओं का आसानी से पता

महाकुंभ 2025 में तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए एक उन्नत एआई चैटबॉट पेश किया गया है। यह चैटबॉट तीर्थयात्रियों को उनके एक किलोमीटर के दायरे में पार्किंग, फूड कोर्ट और अस्पताल जैसी सुविधाएं खोजने में मदद कर रहा है। साथ ही, यह महाकुंभ के विभिन्न सेक्टरों की जानकारी और गूगल मैप लिंक भी उपलब्ध कराता है।
श्रद्धालुओं को शौचालय, खोया-पाया केंद्र, बैंकिंग सेवाएं, प्रदर्शनियां और सार्वजनिक जल एटीएम जैसी जरूरी सुविधाओं की जानकारी भी सेकंडों में मिल रही है। तीर्थयात्री क्यूआर कोड स्कैन कर मोबाइल पर सभी प्रमुख स्थानों की जानकारी डाउनलोड कर सकते हैं। लाखों श्रद्धालु इस सुविधा का लाभ उठा चुके हैं।
भाषिणी ऐप से संवाद और सुविधाएं
महाकुंभ में संवाद को सरल बनाने के लिए ‘भाषिणी’ नामक भाषा अनुवाद टूल को शामिल किया गया है। यह ऐप 11 भाषाओं में रियल-टाइम टेक्स्ट और वॉइस ट्रांसलेशन की सुविधा प्रदान करता है। तीर्थयात्री अपनी खोई हुई वस्तुओं की जानकारी अपनी भाषा में दर्ज कर सकते हैं और स्थानीय अधिकारियों से आसानी से संवाद कर सकते हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस फीचर का उपयोग सिखाने के लिए अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया है।
सरकार की पहल
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा तैयार यह एआई चैटबॉट और भाषिणी ऐप श्रद्धालुओं के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए डिज़ाइन किए गए हैं। यह तकनीक महाकुंभ में सुरक्षा और सुविधा को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।