25 साल में पहली बार पुलिस महिला अधिकारियों से खुला संवाद, डीजीपी ने क्या कहा?

25 साल में पहली बार पुलिस महिला अधिकारियों से खुला संवाद, डीजीपी ने क्या कहा?

देहरादून – आज (20 मई 2025) को देहरादून के सरदार पटेल भवन में उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ की अध्यक्षता में महिला उप निरीक्षक से लेकर पुलिस महानिरीक्षक स्तर की अधिकारियों के साथ खुला संवाद सत्र आयोजित किया गया। पिछले 25 वर्षों में पहली बार महिला पुलिस अधिकारियों के साथ इस तरह की खुली चर्चा हुई।

इस सत्र में महिला अधिकारियों ने ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों, पारिवारिक जिम्मेदारियों और सामाजिक दबावों के बीच संतुलन बनाने जैसे मुद्दों पर अपने अनुभव साझा किए। कई अधिकारियों ने सुझाव भी दिए, जिन्हें डीजीपी सेठ ने गंभीरता से सुना और समाधान का आश्वासन दिया।

तमिलनाडु पुलिस अकादमी, चेन्नई में आयोजित 11वें राष्ट्रीय महिला पुलिस सम्मेलन से लौटी उत्तराखंड पुलिस की छह सदस्यीय महिला टीम ने मानसिक स्वास्थ्य, कार्यस्थल की संस्कृति, तनाव प्रबंधन और करियर विकास पर अपने अनुभव बताए।

सत्र में दिए गए मुख्य निर्देश इस प्रकार थे:

  • महिला अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण देकर योग्यतानुसार उत्तरदायित्वपूर्ण पदों पर अवसर दिए जाएं।

  • साइबर सेल, एसटीएफ, एसओजी, नारकोटिक्स सेल और अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों में महिला कार्मिकों की भागीदारी बढ़ाई जाए।

  • कार्यस्थलों पर क्रेच केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि महिलाएं परिवारिक जिम्मेदारियों के साथ काम भी सुगमता से कर सकें।

  • निरंतर स्वास्थ्य जांच, योगाभ्यास, फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा दिया जाए।

  • लैंगिक संवेदनशीलता और महिला-अनुकूल कार्यनीति पर विशेष ध्यान दिया जाए।

इसे भी पढ़ें – दिल्ली का गैंग देहरादून में बसा रहा था बांग्लादेशियों को, ठेकेदार की तलाश में पुलिस

दीपम सेठ ने कहा कि आज का संवाद महिला पुलिस अधिकारियों के लिए एक सकारात्मक कदम है और इन सुझावों को राज्य पुलिस प्रणाली में शामिल किया जाएगा, जिससे उनकी भूमिका और प्रभावशाली बनेगी।

इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक अभिसूचना एवं सुरक्षा ए. पी. अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय/पी.एम. विम्मी सचदेवा रमन, पुलिस महानिरीक्षक सतर्कता मुख्यालय विमला गुंज्याल, पुलिस महानिरीक्षक पीएसी/एटीसी नीरू गर्ग, पुलिस उप महानिरीक्षक फायर सर्विस निवेदिता कुकरेती कुमार, सेनानायक 40 पीएसी हरिद्वार तृप्ति भट्ट, पुलिस अधीक्षक सतर्कता मुख्यालय रचिता जुयाल, पुलिस अधीक्षक कानून व्यवस्था कमलेश उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक शिकायत/एससीआरबी/पी.एम. ममता बोहरा और पुलिस अधीक्षक कार्मिक शाहजहां जावेद खान सहित पुलिस मुख्यालय और देहरादून की महिला पुलिस अधिकारी उपस्थित रहीं।

Saurabh Negi

Share