मनसा देवी रोपवे संचालन के लिए नया टेंडर जारी,अनुभवी कंपनियां ही होंगी शामिल

मनसा देवी रोपवे संचालन के लिए नया टेंडर जारी,अनुभवी कंपनियां ही होंगी शामिल

हरिद्वार – मनसा देवी रोपवे संचालन और अनुरक्षण के लिए नगर निगम प्रशासन ने एक बार फिर नई टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। निगम आयुक्त नंदन कुमार के अनुसार इच्छुक कंपनियां 29 सितंबर तक ई-निविदा जमा करा सकती हैं, जबकि तकनीकी बिड 30 सितंबर को खोली जाएगी। नई शर्तों के अनुसार अब केवल वे कंपनियां बोली में हिस्सा ले सकेंगी, जिनके पास कम से कम पांच वर्ष का रोपवे संचालन और अनुरक्षण का अनुभव हो। पहले न्यूनतम अनुभव दो वर्ष रखा गया था। इस बदलाव के पीछे नैनीताल हाईकोर्ट की नाराजगी को प्रमुख कारण माना जा रहा है। दरअसल, अप्रैल में जारी टेंडर में सड़क और भवन निर्माण करने वाली कंपनियों ने भी बोली डाली थी, जिस पर अदालत ने सख्त आपत्ति जताई थी। मामले के तूल पकड़ने पर नगर निगम को पूरी प्रक्रिया वापस लेनी पड़ी थी।

गौरतलब है कि मां मनसा देवी रोपवे का संचालन 1974 से उषा ब्रेको कंपनी कर रही है। कंपनी और तत्कालीन नगर पालिका परिषद के बीच हुए अनुबंध की अवधि 2021 में समाप्त हो गई थी। इसके बाद अस्थायी लीज और बार-बार एक्सटेंशन से ही रोपवे का संचालन होता रहा। इस बीच कई बार संचालन बाधित हुआ और यात्रियों को मंदिर तक पैदल ही जाना पड़ा।

शासन स्तर पर भी इस मामले में हस्तक्षेप हुआ। जांच में पाया गया कि पिछली प्रक्रियाओं में वित्तीय नियमों और अधिप्राप्ति नियमावली का पालन सही तरीके से नहीं हुआ। इसके बाद शासन ने नई शर्तों के साथ टेंडर लाने का निर्णय लिया।

इसे भी पढ़ें – पुलिसकर्मी का बेटा समेत दो गिरफ्तार, गहने-नकदी और वाहन बरामद

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि इस बार पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ होगी और चयन केवल अनुभवी कंपनियों का ही होगा। इससे न केवल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी बल्कि रोपवे संचालन में लंबे समय से चल रही अनिश्चितता भी समाप्त हो जाएगी।

Saurabh Negi

Share