मसूरी में जल्द साइकिल रिक्शा की जगह चलेंगे गोल्फ कार्ट

मसूरी की मॉल रोड और कैमल्स बैक रोड पर चलने वाले साइकिल रिक्शा को जल्द ही गोल्फ कार्ट से बदला जाएगा। जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था के आधुनिकीकरण के तहत कुल 54 गोल्फ कार्ट चलाने की योजना बनाई है। अभी 14 गोल्फ कार्ट संचालित हो रहे हैं, जबकि 40 नए गोल्फ कार्ट जल्द शामिल किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने इसके लिए 3.36 करोड़ रुपये की व्यवस्था कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी फंड के माध्यम से की है। यह प्रस्ताव आरईसी फाउंडेशन लिमिटेड को भेजा गया था, जिसे सीएसआर योजना के तहत स्वीकृति मिल गई है। प्रशासन के अनुसार, इसका उद्देश्य भीड़ कम करना, यात्रियों की सुविधा बढ़ाना और प्रमुख पर्यटन मार्गों पर वाहनों को नियंत्रित करना है।
पहले चरण में दिसंबर 2024 से चार गोल्फ कार्ट नगर पालिका परिषद के माध्यम से शुरू किए गए थे। इसके बाद इनकी संख्या बढ़ाकर 14 कर दी गई थी। अब नए गोल्फ कार्ट जुड़ने के बाद यह संख्या 54 तक पहुंच जाएगी।
योजना के तहत मॉल रोड पर वाहनों की आवाजाही सीमित रहेगी। गोल्फ कार्ट का उपयोग स्थानीय निवासियों और पर्यटकों दोनों के लिए किया जाएगा। ये गोल्फ कार्ट उन्हीं मार्गों पर चलेंगे, जहां पहले साइकिल रिक्शा चलते थे।
रिक्शा चालकों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने उन्हें बैटरी से चलने वाले गोल्फ कार्ट चलाने का प्रशिक्षण दिलाया है। प्रत्येक गोल्फ कार्ट से दो रिक्शा चालकों को जोड़ा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से पारंपरिक कामगारों को हटाया नहीं जाएगा, बल्कि उन्हें नई परिवहन प्रणाली में शामिल किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें – फरवरी में खुला आदि कैलाश मार्ग, भारी बर्फबारी के बाद बीआरओ ने बहाल की आवाजाही
हालांकि, प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि लंबे समय में इस मॉडल की व्यवहारिकता और रखरखाव की जिम्मेदारियों पर लगातार नजर रखनी होगी, खासकर पर्यटन सीजन के दौरान।




