38वें राष्ट्रीय खेल के पदक विजेताओं को नौकरी अब तक नहीं, एक साल बाद भी प्रस्ताव लंबित

38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को घोषित सरकारी नौकरी एक साल बाद भी नहीं मिल पाई है। राज्य सरकार द्वारा 243 खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नियुक्ति देने का वादा किया गया था। इसके बावजूद प्रस्ताव अब तक अंतिम निर्णय तक नहीं पहुंच सका है।
उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने 24 स्वर्ण, 35 रजत और 44 कांस्य पदक जीते थे। पदक तालिका में उत्तराखंड सातवें स्थान पर रहा था। इस प्रदर्शन के बाद नई खेल नीति में पदक विजेताओं को सीधी सरकारी नौकरी देने की घोषणा की गई थी।
घोषणा के एक वर्ष बाद भी नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। खेल विभाग का कहना है कि प्रस्ताव कार्मिक विभाग को भेजा जा चुका है। वहां यह लंबे समय से लंबित बताया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें – देवप्रयाग सूटकेस मर्डर केस: लिव-इन पार्टनर की हत्या के दोषी को उम्रकैद
खेल मंत्री रेखा आर्या के अनुसार मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव को कैबिनेट में लाने का आश्वासन दिया है। यह प्रस्ताव 25 फरवरी को कैबिनेट में रखा जा सकता है। 243 पदक विजेता खिलाड़ियों की नियुक्ति को लेकर स्थिति अब भी स्पष्ट नहीं है।




