जॉर्डन में नव्या पांडे ने लहराया तिरंगा : गोल्ड जीतकर रचा इतिहास, जानिए कैसे

हल्द्वानी की जु-जित्सू खिलाड़ी नव्या पांडे ने जॉर्डन के अम्मान में आयोजित नौवीं एशियन जु-जित्सू चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। नव्या ने 45 किलोग्राम भार वर्ग में कजाकिस्तान की सागदिलदा ऐजी को फाइनल में हराकर यह उपलब्धि हासिल की। वह इस प्रतियोगिता में भारत के लिए गोल्ड जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनी हैं। यह प्रतियोगिता 26 मई तक आयोजित की जा रही है। पहले ही दिन भारतीय टीम ने एक स्वर्ण और पांच कांस्य पदक अपने नाम किए। जु-जित्सू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष व कोच विनय जोशी ने बताया कि सीनियर अंडर-21 वर्ग में नव्या का प्रदर्शन शानदार रहा।
नव्या के अलावा वैभव सिंह पडियार ने 62 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता। साथ ही उत्तर प्रदेश की ऋचा शर्मा, ओडिशा की अनुपमा स्वैन, हरियाणा की सूचिका तड़ियाल और टीपू को भी कांस्य पदक मिले। नव्या की स्वर्णिम जीत पर भारत का राष्ट्रगान बजा और उन्हें सम्मानित किया गया।
इसे भी पढ़ें – सचिवालय में अफसर अब संस्कृत में बोलेंगे? जानिए कब और कैसे
नव्या की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें फोन कर बधाई दी और शीघ्र मिलने की इच्छा जताई। नव्या ने सरकार द्वारा खेल कोटे में दी गई नौकरी के लिए आभार जताया। पिछले वर्ष उन्हें उत्तराखंड सरकार ने वन विभाग में नियुक्त किया था।
जिला क्रीड़ाधिकारी निर्मला पंत, उप जिला क्रीड़ाधिकारी वरुण बेलवाल, रशिका सिद्दीकी, ललित कर्नाटक, सतीश जोशी, हेमा जोशी, अंकुश रौतेला सहित कई खेल प्रेमियों ने नव्या और वैभव के प्रदर्शन पर खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।