नेपाल सीमा के पास शादी की बस खाई में गिरी, 13 लोगों की मौत, 34 घायल

नेपाल सीमा के पास शादी की बस खाई में गिरी, 13 लोगों की मौत, 34 घायल

उत्तराखंड से सटे नेपाल सीमा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। नेपाल के बैतड़ी जिले में शादी में शामिल लोगों से भरी एक बस गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह बस बैतड़ी जिले से बाजहांग जा रही एक बारात को लेकर जा रही थी। गुरुवार रात बस ने बैतड़ी के परचुनी नगर पालिका क्षेत्र के भवाने गांव से दुल्हन को लिया और इसके बाद बाजहांग जिले के सुनकुड़ा गांव की ओर रवाना हुई। इसी दौरान परचुनी क्षेत्र के बरगांव मोड़ के पास बस अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

बैतड़ी जिला पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू के अनुसार हादसे के तुरंत बाद नेपाल सशस्त्र पुलिस बल, स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर रात में ही राहत और बचाव अभियान चलाया। मौके पर ही छह लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच घायलों ने डडेलधुरा अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके अलावा दो अन्य घायलों की मौत कोटिला अस्पताल में उपचार के दौरान हुई।

मृतकों में एक 13 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान केशव राज जोशी (40), अशोक राज जोशी (13), बसंत राज जोशी (35), विष्णु दत्त जोशी (41), नरेश राज जोशी (42), बिशन दत्त जोशी (17), दीपक जोशी (28), किशन जोशी (46), मोहन देव भट्ट (60), केशव भट्ट (27), बसंत राज रतला (40), पुष्पा अवस्थी (40) और सुशील जोशी के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार बस में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। पहाड़ी मार्ग पर चढ़ाई के दौरान बस चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका, जिससे यह हादसा हुआ। प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग और कठिन सड़क हालात को दुर्घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है।

इसे भी पढ़ें – केदारनाथ हेली सेवा किराया यथावत: चारधाम यात्रा से पहले यूकाडा ने शुरू की टेंडर प्रक्रिया

घायलों में से 25 लोगों को डडेलधुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए धनगढ़ी रेफर किया गया है। देर रात तक चले राहत और बचाव कार्य के बाद अभियान समाप्त किया गया। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Saurabh Negi

Share