हरिद्वार के होटल में एनआरआई महिला की संदिग्ध हालात में मौत, जांच शुरू

हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र स्थित एक होटल में एनआरआई महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 66 वर्षीय अन्ना चौहान के रूप में हुई है, जो अमेरिका की निवासी थीं और 17 सदस्यीय दल के साथ हरिद्वार भ्रमण पर आई थीं। घटना के बाद से प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
पुलिस के अनुसार, पर्यटक दल होटल परफेक्ट प्रीमियम में ठहरा हुआ था। मंगलवार को होटल में ठहराव के दौरान अन्ना चौहान की अचानक तबीयत बिगड़ गई। होटल स्टाफ और साथ आए लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से उन्हें जिला अस्पताल हरिद्वार पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक पूछताछ शुरू की। पुलिस ने मृतका की बेटी अलीशा को भी मामले की जानकारी दे दी है। फिलहाल शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और मृतका के साथ आए लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि किसी अन्य संभावना से इनकार किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।




