3 मार्च की शाम भारत में दिखेगा आंशिक चंद्रग्रहण, चंद्रोदय के बाद होगी दृश्यता

3 मार्च की शाम भारत के अधिकांश हिस्सों में आंशिक चंद्रग्रहण दिखाई देगा। यह ग्रहण भारतीय समयानुसार दोपहर 3:20 बजे शुरू होकर शाम 6:47 बजे समाप्त होगा। भारत में चंद्रमा चंद्रोदय के समय पहले से पृथ्वी की छाया में रहेगा, इसलिए ग्रहण केवल चंद्रमा के उगने के बाद ही देखा जा सकेगा।
आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान अनुसंधान संस्थान (ARIES) के अनुसार ग्रहण का पूर्ण चरण शाम 5:03 बजे से 5:33 बजे तक रहेगा। हालांकि कई शहरों में इस समय चंद्रोदय नहीं होने के कारण पूर्ण ग्रहण दिखाई नहीं देगा। भारत के अधिकतर हिस्सों में चंद्रमा पर आंशिक छाया ही नजर आएगी, जो धीरे-धीरे कम होती जाएगी।
पूर्वोत्तर राज्यों असम, मणिपुर, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के साथ अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में चंद्रोदय अपेक्षाकृत पहले होने से कुछ समय के लिए पूर्ण चरण दिख सकता है। मौसम साफ रहने पर इन क्षेत्रों में ग्रहण की अवधि थोड़ी अधिक दिखाई देगी।
जापान, ऑस्ट्रेलिया, फिजी, अलास्का और चीन जैसे देशों में यह चंद्रग्रहण स्पष्ट रूप से पूर्ण रूप में देखा जा सकेगा। वहीं भारत में सूर्यास्त से पहले ग्रहण समाप्त होने के कारण दृश्यता सीमित रहेगी।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ग्रहण से नौ घंटे पहले सूतक काल माना जाएगा। सूतक काल के दौरान मंदिरों में पूजा-अर्चना स्थगित रह सकती है। ग्रहण समाप्त होने के साथ ही सूतक काल का समापन शाम 6:47 बजे होगा।




