पिथौरागढ़ में बड़ा सड़क हादसा: मैक्स वाहन नदी में गिरा, आठ की मौत, छह घायल

पिथौरागढ़ – पिथौरागढ़ जनपद के देवलथल तहसील अंतर्गत थल-मुवानी मोटर मार्ग पर सोमवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुनस्यारी से पिथौरागढ़ जा रही एक मैक्स वाहन (UK05 TA 0193) मुवानी पुल के समीप अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसा शाम करीब 5:20 बजे हुआ, जिसमें आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग, 108 एंबुलेंस और स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और सभी घायलों एवं मृतकों को बाहर निकाला गया। घायलों में से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ रेफर किया गया है। वाहन में सवार सभी लोग ग्राम बोकटा, तहसील देवलथल के निवासी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्राथमिक अनुमान के अनुसार तेज रफ्तार और मोड़ पर नियंत्रण खोने को हादसे की वजह माना जा रहा है।
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- नरेंद्र सिंह खोलिया (36), वाहन चालक
- सिमरन (7), पुत्री कुंदन सिंह मनौला
- शांति देवी (45), पत्नी केशव राम
- दीक्षा (25), पुत्री दुर्योधन सिंह
- तनुजा (15), पुत्री चंद्र सिंह
- होशियार सिंह (65), पुत्र भीम सिंह
- राजेंद्र सिंह (60), पुत्र दीवान सिंह
- विनीता (17), पुत्री चंद्र सिंह
घायल व्यक्तियों की सूची:
- पूजा मनोला (29), पत्नी कुंदन सिंह
- दीवान सिंह (55), पुत्र भीम सिंह
- श्याम सिंह (52), पुत्र बहादुर सिंह
- सुमित सिंह (18), पुत्र प्रवीण सिंह
- योगेश कुमार (28), पुत्र केशव राम
- बीना (24), पुत्री पूरन बहादुर