बढ़ते प्रदूषण से नदियों के जलस्तर में गिरावट: प्रो. थपलियाल

बढ़ते प्रदूषण से नदियों के जलस्तर में गिरावट: प्रो. थपलियाल

राज्य स्वच्छ गंगा मिशन नमामि गंगे के तहत राजकीय महाविद्यालय चंद्रबदनी (नैखरी), टिहरी गढ़वाल द्वारा 18 फरवरी 2025 को राजकीय इंटर कॉलेज त्यूणा, बगड़वालधार, टिहरी गढ़वाल में एक दिवसीय संगोष्ठी एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता एवं विद्यालय के पीटीए अध्यक्ष जगदीश पंवार ने छात्र-छात्राओं को प्लास्टिक उन्मूलन एवं जल संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि ज्ञान सिंह नेगी (सचिव, भुवनेश्वरी महिला आश्रम) ने प्लास्टिक के हानिकारक प्रभाव और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर चर्चा की। वहीं, सुरेश बलोदी और रामस्वरूप पालीवाल ने जल संरक्षण और सिंगल-यूज प्लास्टिक के कम उपयोग पर जोर दिया।

महाविद्यालय के गणित विभाग के प्रो. शाकिर शाह और हिंदी विभाग के प्रो. मनीष पंवार ने पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। भूगोल विभाग की श्रीमती सौम्या कबटियाल ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। राज्य आंदोलनकारी एवं भूगोल प्रवक्ता पूर्वी बंगवाल ने उत्तराखंड में हो रहे पर्यावरणीय क्षरण और जल, जंगल, जमीन की स्थिति पर चिंता जताई।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. जी.पी. थपलियाल ने नदियों के घटते जलस्तर और प्रदूषण से होने वाली हानियों पर विस्तार से जानकारी दी। अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

संगोष्ठी के दौरान छात्राओं कु. शिवानी और कु. आंचल ने प्लास्टिक उन्मूलन पर अपने विचार रखे। प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में 135 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और अंत में पर्यावरण जागरूकता, जल संरक्षण एवं प्लास्टिक उन्मूलन की शपथ लेकर जागरूकता रैली निकाली गई।

Saurabh Negi

Share