दूसरा प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन दून विश्वविद्यालय में 5 नवंबर को, अब तक 200 पंजीकरण
देहरादून – राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में प्रवासी उत्तराखंडी दूसरी बार दून विश्वविद्यालय में जुटने जा रहे हैं। यह सम्मेलन 5 नवंबर को नित्यानंद ऑडिटोरियम में होगा। प्रवासी उत्तराखंडी राज्य की दिशा और दशा पर मंथन करेंगे। साथ ही, भविष्य के लिए सुझाव भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर यह सम्मेलन वर्ष 2024 से आयोजित हो रहा है। पहले सम्मेलन में 17 राज्यों के 200 प्रतिभागी शामिल हुए थे। इस बार संख्या बढ़ने की उम्मीद है। अब तक 200 लोगों ने पंजीकरण करा लिया है। पंजीकरण 24 अक्टूबर 2025 की देर रात तक चलेगा। पंजीकरण प्रवासी उत्तराखंड प्रकोष्ठ की वेबसाइट पर होगा।
सम्मेलन दो सत्रों में होगा। पहला सत्र पर्यावरण पर आधारित रहेगा। इसके लिए वन विभाग के पीसीसीएफ एसपी सुबुद्धि नोडल अधिकारी हैं। दूसरा सत्र स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित रहेगा। इसके लिए दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल नोडल अधिकारी हैं।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम में प्रवासियों से सीधा संवाद करेंगे। संवाद एक घंटे का रहेगा। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और झारखंड सहित कई राज्यों से प्रतिभागी जुड़ रहे हैं। कार्यक्रम के बाद सांस्कृतिक आयोजन भी होगा।
इसे भी पढ़ें – उत्तराखंड शीतकालीन यात्रा के दौरान इन होटलों में पर्यटकों को मिलेगा 50% छूट
मुख्यमंत्री धामी का कहना है कि इस सम्मेलन का उद्देश्य प्रवासियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ना और राज्य निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। उनके सुझाव उत्तराखंड के विकास रोडमैप में अहम भूमिका निभाएंगे।



