राजाजी टाइगर रिज़र्व के सभी सफारी गेट खुले, पर्यटन सीज़न आधिकारिक रूप से शुरू

राजाजी टाइगर रिज़र्व ने मोतीचूर, चीला, रानीपुर और मोहंड रेंज सहित सभी पर्यटन द्वार खोल दिए हैं। इससे वन्यजीव प्रेमियों के लिए सफारी सीज़न आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है। मोतीचूर में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में रेंज अधिकारी महेश सेमवाल और वॉर्डन सरिता भट्ट ने पारंपरिक विधि से गेट खोला। चीला रेंज का उद्घाटन वॉर्डन चित्रांजलि नेगी और वनकर्मियों की उपस्थिति में किया गया।
इस बार पर्यटकों की सुविधा के लिए मोतीचूर में नया रिसेप्शन सेंटर बनाया गया है। सुरक्षा उपाय भी मजबूत किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार प्रवेश शुल्क में कोई बदलाव नहीं हुआ है। भारतीय पर्यटकों का शुल्क ₹150, विदेशी पर्यटकों का ₹600, भारतीय वाहनों का ₹250 और विदेशी वाहनों का ₹500 तय किया गया है। विद्यार्थियों को 50% छूट मिलेगी। फॉरेस्ट रेस्ट हाउस का किराया ₹1,000 प्रति ठहराव रहेगा, जबकि व्यावसायिक कैमरे के लिए ₹500 शुल्क निर्धारित है।
इसे भी पढ़ें – कोटद्वार के घंडियाल गांव में फिर तेंदुए का हमला, महिला गंभीर रूप से घायल
अनुशासन और नियंत्रित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए मोतीचूर रेंज में अनरजिस्टर्ड कमर्शियल वाहनों पर प्रतिबंध लगाया गया है। केवल पंजीकृत और स्वीकृत वाहन, जिनमें अधिकृत टैक्सियां शामिल हैं, ही जंगल सफारी के लिए अनुमति पाएंगे।




