संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला जल निगम कर्मी का शव, क्षेत्र में शोक

रानीखेत – घिंघारीखाल क्षेत्र के जंगल में रविवार सुबह जल निगम (निर्माण शाखा) के कर्मचारी का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक शनिवार सुबह स्कूटी की सर्विसिंग कराने घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह उसकी स्कूटी हाईवे किनारे खड़ी मिली और थोड़ी दूरी पर जंगल में शव बरामद किया गया। घटना से क्षेत्र में शोक और सन्नाटा फैल गया।
मृतक की पहचान 56 वर्षीय सुख बहादुर पुत्र गणेश बहादुर, निवासी मजखाली के रूप में हुई है। वह जल निगम निर्माण शाखा घिंघारीखाल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात था। बताया जा रहा है कि सुख बहादुर पिछले कुछ दिनों से तनाव में था। इसी आधार पर पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मान रही है।
शनिवार सुबह करीब नौ बजे सुख बहादुर स्कूटी लेकर घर से निकला था। देर रात तक न लौटने पर परिवार ने पड़ोसियों और पुलिस की मदद से तलाश शुरू की। मजखाली चौकी पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने रातभर तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। रविवार सुबह घिंघारीखाल–अल्मोड़ा हाईवे किनारे उसकी स्कूटी खड़ी मिली। इसके बाद जंगल में तलाशी अभियान चलाया गया और हाईवे से करीब डेढ़ किमी दूर एक चीड़ के पेड़ से शव लटका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ विमल प्रसाद, कोतवाल अशोक धनकड़, एसएसआई कमल हसन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जिला मुख्यालय से फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। एई जल निगम जेएस तोमर, प्रकाश शर्मा, अर्जुन सिंह और राजीव लोचन जोशी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली।
इसे भी पढ़ें – दरोगा पर फायरिंग करने वाले हरियाणा के आरोपी ने खुद को मारी गोली, मौत
मृतक की मौत की खबर सुनते ही क्षेत्रीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि सुख बहादुर शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और लंबे समय से यहां कार्यरत थे। परिवार और सहकर्मियों का कहना है कि वे कुछ समय से परेशान जरूर दिखाई देते थे, लेकिन इस तरह का कदम उठाएंगे इसकी उम्मीद किसी को नहीं थी।
कोतवाल अशोक धनकड़ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।