देहरादून में राष्ट्रपति मुर्मू ने किया राष्ट्रपति निकेतन और तपोवन का उद्घाटन, उद्यान की रखी आधारशिला

देहरादून में राष्ट्रपति मुर्मू ने किया राष्ट्रपति निकेतन और तपोवन का उद्घाटन, उद्यान की रखी आधारशिला

देहरादून, 21 जून – उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर आईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को राजधानी देहरादून में राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति तपोवन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रपति उद्यान की आधारशिला रखी और जैव विविधता पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया। उद्घाटन समारोह के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने आगंतुक सुविधा केंद्र, कैफेटेरिया और स्मारिका शॉप का भी लोकार्पण किया। इस अवसर पर जारी की गई पुस्तक में राष्ट्रपति निकेतन, तपोवन और प्रस्तावित उद्यान की 300 से अधिक वनस्पतियों और 170 से अधिक जीव-जंतुओं की प्रजातियों का उल्लेख है।

क्या है राष्ट्रपति तपोवन?
हिमालय की तलहटी में 19 एकड़ क्षेत्र में फैला यह क्षेत्र जैव विविधता से समृद्ध है। यहां 117 पौधों, 52 तितलियों, 41 पक्षियों और 7 स्तनधारियों की प्रजातियां पाई जाती हैं। यह स्थान 24 जून से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

इसे भी पढ़ें – डाट काली मंदिर के पास दो कारों की भीषण भिड़ंत, एक की मौत, दो घायल

राष्ट्रपति निकेतन की विरासत
21 एकड़ में फैला राष्ट्रपति निकेतन 1976 में राष्ट्रपति निवास के रूप में स्थापित किया गया था, जिसकी जड़ें 1838 से जुड़ी हैं। इसमें ऐतिहासिक इमारतें, बाग, अस्तबल और लिली तालाब शामिल हैं। यह स्थल एक जुलाई से आमजन के लिए खोला जाएगा।

132 एकड़ में फैलेगा राष्ट्रपति उद्यान
सार्वजनिक सहभागिता और पारिस्थितिकी उत्तरदायित्व का प्रतीक यह उद्यान दिव्यांगजनों के लिए भी पूरी तरह से सुलभ होगा। यह अगले वर्ष आम लोगों के लिए खोला जाएगा।

एनआईईपीवीडी में बच्चों की प्रस्तुति से भावुक हुईं राष्ट्रपति
राष्ट्रपति मुर्मू अपने जन्मदिन के अवसर पर जब राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (एनआईईपीवीडी) पहुंचीं, तो दृष्टिबाधित बच्चों द्वारा ‘तुम जियो हजारों साल…’ की प्रस्तुति सुनकर भावुक हो गईं। उनकी आंखें नम हो गईं और उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।

Saurabh Negi

Share