कैबिनेट मंत्री ने बालिका निकेतन और नारी निकेतन में नाम निर्मित हॉल का लोकार्पण किया

देहरादून, 30 अप्रैल – महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि बालिका निकेतन की बेटियां अपनी प्रतिभा से समाज में महिला सशक्तिकरण का जीवंत उदाहरण बन रही हैं। उन्होंने केदारपुरम स्थित बालिका निकेतन और नारी निकेतन में नवनिर्मित हॉलों का लोकार्पण किया। बालिका निकेतन में 65.52 लाख और नारी निकेतन में 57.09 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य पूरे किए गए हैं।
मंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में बालिका निकेतन की छात्राओं ने स्कूलों और कॉलेजों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। कई लड़कियों ने सरकारी सेवाओं में सफलता पाई है और कुछ पीसीएस जैसी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। नारी निकेतन में इस समय 164 अनाथ, परित्यक्त और निराश्रित महिलाएं रह रही हैं।
इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना और स्पॉन्सरशिप योजना के लाभार्थी बच्चों और परिजनों से भी मुलाकात कर प्रगति की जानकारी ली। कार्यक्रम में मुख्य परिवीक्षा अधिकारी मोहित चौधरी, परियोजना प्रबंधक राकेश तिवारी, सहायक अभियंता प्रमोद कोठियाल, उप मुख्य परिवीक्षा अधिकारी अंजना गुप्ता, राजीव नयन और जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।