गणतंत्र दिवस 2025: इंडोनेशियाई राष्ट्रपति सुबियांटो हो सकते हैं मुख्य अतिथि

इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, अभी तक भारत सरकार ने इस पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। पहले यह अटकलें थीं कि प्रबोवो भारत के बाद पाकिस्तान का दौरा करेंगे, लेकिन अब उनके मलेशिया जाने की संभावना अधिक है। इससे यह संकेत मिल रहा है कि वे 26 जनवरी के समारोह में शिरकत करेंगे।
भारत और इंडोनेशिया के गहरे रिश्ते
भारत और इंडोनेशिया ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, और राजनीतिक संबंधों से जुड़े हैं। इंडोनेशिया भारत का करीबी समुद्री पड़ोसी होने के साथ दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) का प्रमुख सदस्य है। 1950 के बाद यह चौथी बार होगा जब कोई इंडोनेशियाई नेता गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि बनेंगे।
मुख्य अतिथि चयन प्रक्रिया
गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि का चयन विदेश मंत्रालय के निर्देशन में कई चरणों में होता है। इसमें भारत और संबंधित देश के राजनीतिक, आर्थिक और रणनीतिक हितों को प्राथमिकता दी जाती है। अतिथि की उपलब्धता और आपसी संबंधों के महत्व को ध्यान में रखते हुए अंतिम निर्णय लिया जाता है।
गणतंत्र दिवस और अतिथि परंपरा
1950 में पहली बार गणतंत्र दिवस समारोह में इंडोनेशिया के तत्कालीन राष्ट्रपति सुकर्णो मुख्य अतिथि बने थे। तब से लेकर अब तक, यह परंपरा भारत के कूटनीतिक संबंधों का प्रतीक बनी हुई है।