गणतंत्र दिवस 2025: सीएम धामी ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास और सशक्त भारत के निर्माण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार, केंद्र सरकार के मार्गदर्शन में राज्य के समग्र विकास के लिए हर क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने भी गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं दीं और देश की प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत अब केवल आर्थिक और सैन्य ताकत तक सीमित नहीं है, बल्कि विज्ञान, तकनीक, खेल और संस्कृति में भी अद्वितीय पहचान बना रहा है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर शहीदों और संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।
राज्यपाल ने भारत के 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर बढ़ते कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया जैसे अभियानों ने उत्पादन और निर्यात को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। भारत अब विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है, जो देश के युवाओं की रचनात्मकता और मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने उत्तराखंड की प्रगति को भी रेखांकित किया और कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों और जनता के सहयोग से उत्तराखंड अग्रणी राज्यों में शामिल होने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है।