रुड़की में मुर्गी दाना चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

रुड़की में मुर्गी दाना चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

रुड़की के मंगलौर थाना क्षेत्र के थास्का गांव में स्थित एक पोल्ट्री फार्म से मुर्गी दाना चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। चोरी की इस घटना से फार्म संचालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ था।

पुलिस के अनुसार, थास्का गांव निवासी रेखा रानी गांव में किराये की जमीन पर पोल्ट्री फार्म चला रही हैं। 8 जनवरी की रात अज्ञात चोरों ने फार्म के स्टोर रूम का ताला तोड़कर वहां रखे मुर्गी दाने के 90 कट्टे चोरी कर लिए थे। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी थी।

मामले में 18 जनवरी को पुलिस ने धर्मवीर और भूरा नामक दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। लगातार दबिश और जांच के बाद पुलिस ने थास्का गांव निवासी धर्मवीर को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए 10 कट्टे मुर्गी दाना बरामद किए गए हैं।

इसे भी पढ़ें – अग्निवीर भर्ती: ऑनलाइन पंजीकरण शुरू, अधिकतम आयु सीमा बढ़ाकर 22 वर्ष

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि दूसरे नामजद आरोपी के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वालों की भी तलाश की जा रही है। शेष मुर्गी दाने की बरामदगी और चोरी से जुड़े पूरे नेटवर्क की पहचान के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Saurabh Negi

Share