रुद्रप्रयाग: लापता चार वर्षीय मासूम का शव जंगल में मिला, रहस्य गहराया

रुद्रप्रयाग: लापता चार वर्षीय मासूम का शव जंगल में मिला, रहस्य गहराया

रुद्रप्रयाग जिले में आठ दिन से लापता चार वर्षीय मासूम का शव जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। यह घटना अगस्त्यमुनि विकासखंड के बडाव गांव की है, जहां चार अप्रैल से लापता चल रहे मासूम मयंक का शव बरामद हुआ।

रविवार सुबह घास लेने जंगल गई महिलाओं ने शव को देखा और इसकी सूचना गांव वालों को दी। बताया जा रहा है कि शव घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर मान सेमार मल्ला क्षेत्र में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय भेज दिया।

इस मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि शव पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह किसी जंगली जानवर के हमले का मामला नहीं लगता, जिससे घटना और अधिक संदिग्ध हो गई है।

परिजनों के अनुसार चार अप्रैल को मयंक की मां जंगल गई थी, तभी बच्चा घर से निकलकर उसके पीछे गया और अचानक लापता हो गया। इसके बाद गांव वालों, वन विभाग, आपदा राहत दल और पुलिस ने बड़े स्तर पर खोज अभियान चलाया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।

थाना प्रभारी गुमान सिंह नेगी ने बताया कि शव नीला पड़ चुका था और मौत के कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

इस घटना ने खोज अभियान पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि जिस स्थान पर शव मिला, वह गांव के पास ही था, लेकिन पहले वहां गहन तलाशी नहीं ली गई थी। इससे खोज अभियान में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। मासूम की मौत से परिवार सदमे में है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Saurabh Negi

Share