रुद्रपुर में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर फटा, तीन घायल, दीवार गिरी

रुद्रपुर में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर फटा, तीन घायल, दीवार गिरी

उत्तराखंड के रुद्रपुर में मंगलवार सुबह खाना बनाते समय गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की कृष्णा कॉलोनी में हुए इस विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।

पुलिस के अनुसार, गोमती देवी अपने घर में रोटी बना रही थीं। इसी दौरान गर्म तवा गैस पाइप के पास रखने से गैस का रिसाव हुआ और अचानक तेज धमाका हो गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि मकान की एक दीवार का हिस्सा भी गिर गया, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

इस हादसे में करीब 30 वर्षीय गोमती देवी, उनका 10 वर्षीय बेटा नीरज और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। सभी घायलों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया।

थाना प्रभारी मोहन चंद्र पांडेय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव को हादसे का कारण माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि रसोई में सावधानी न बरतने से इस तरह की घटनाएं हो सकती हैं।

गौरतलब है कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर सिलेंडर फटने की यह दूसरी घटना है। इससे घरेलू गैस उपयोग में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रशासन द्वारा लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी जा रही है।

Saurabh Negi

Share