रुद्रपुर में पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट महिला पेट्रोल की बोतल लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची

रुद्रपुर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला पेट्रोल की बोतल लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंच गई और आत्मदाह की धमकी देने लगी। महिला का आरोप है कि लंबे समय से चल रहे संपत्ति विवाद में पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
महिला की पहचान आवास विकास रुद्रपुर निवासी राज बाला जैन के रूप में हुई है। वह पेट्रोल की बोतल लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वहां मौजूद पुलिस और खुफिया कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और पेट्रोल की बोतल महिला के हाथ से छीन ली। इसके बाद उसे एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
महिला ने बताया कि उसका देवर और उसका परिवार करीब 28 वर्षों तक उसके साथ उसी मकान में रहा। बाद में वे लोग जय नगर दिनेशपुर और फिर ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के आनंद विहार में रहने लगे। उसका आरोप है कि करीब तीन वर्ष पहले देवर पक्ष फिर से मकान पर कब्जा करने का दबाव बनाने लगा। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
राज बाला जैन ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को आवास विकास चौकी बुलाने के बाद उसके देवर ने कथित तौर पर एक पार्षद और किच्छा विधायक के पुत्र के सहयोग से घर का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया। महिला का कहना है कि इस पूरे मामले में पुलिस की भूमिका निष्पक्ष नहीं रही।
इसे भी पढ़ें – चमोली गांव में स्कूल जाते छात्र पर भालू का हमला, साथी की सूझबूझ से टली बड़ी अनहोनी
महिला ने अधिकारियों से तुरंत मकान का कब्जा दिलाने की मांग की। उसने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वह एसएसपी कार्यालय में ही आत्मघाती कदम उठा सकती है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद महिला शांत हुई और वापस लौट गई।




