रुड़की के सफीपुर स्कूल ने रचा उदाहरण, शिक्षक के प्रयास से बदली तस्वीर

रुड़की के सफीपुर स्कूल ने रचा उदाहरण, शिक्षक के प्रयास से बदली तस्वीर

रुड़की के सफीपुर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय ने शिक्षक के निरंतर प्रयासों से खुद को एक आदर्श स्कूल के रूप में स्थापित किया है। कभी संसाधनों की कमी, कमजोर आधारभूत ढांचे और छात्रों की कम रुचि से जूझ रहा यह स्कूल अब सकारात्मक बदलाव का उदाहरण बन चुका है।

विद्यालय की प्रभारी बनने के बाद शिक्षिका रेखा बुढ़ाकोटी ने शिक्षा की गुणवत्ता से समझौता न करने का संकल्प लिया। सीमित संसाधनों और अभिभावकों की कम भागीदारी के बावजूद उन्होंने लगातार प्रयास जारी रखे। एक गैर सरकारी संस्था के सहयोग से स्कूल में स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, खेल मैदान और खेल सामग्री की व्यवस्था की गई।

पाठ्यक्रम से जुड़े शैक्षिक और प्रेरक वॉल पेंटिंग्स के माध्यम से बच्चों को पढ़ाई से जोड़ा गया। डिजिटल साधनों के उपयोग से कक्षाएं अधिक रोचक बनीं। इसका असर यह हुआ कि छात्रों की उपस्थिति बढ़ी और शैक्षणिक प्रदर्शन में भी सुधार देखने को मिला।

इसे भी पढ़ें – हरिद्वार हाईवे पर झपकी आने से कार पलटी, तीन लोग घायल

अब अभिभावक भी बच्चों को नियमित स्कूल भेजने में रुचि दिखा रहे हैं। पढ़ाई के साथ-साथ स्वच्छता अभियान, पौधारोपण और नैतिक शिक्षा पर भी जोर दिया जा रहा है। स्कूल परिसर साफ-सुथरा और आकर्षक बन चुका है, जो क्षेत्र के अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणा बन रहा है।

Saurabh Negi

Share