राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार से किया सम्मानित

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार से किया सम्मानित

देहरादून, 5 सितम्बर। शिक्षक दिवस पर राजभवन में ‘‘शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार’’ समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्ष 2024 के लिए चयनित 16 शिक्षकों को सम्मानित किया। इनमें 9 प्रारम्भिक शिक्षक, 5 माध्यमिक शिक्षक, 1 शिक्षक प्रशिक्षक और 1 संस्कृत शिक्षक शामिल हैं।

राज्यपाल ने कहा कि यह सम्मान पूरे शिक्षक समाज की मेहनत और तपस्या का प्रतीक है। उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण का आधार बताया और बच्चों में संस्कार, नैतिकता और जिम्मेदारी विकसित करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान ही नहीं देते बल्कि जीवन के पथप्रदर्शक भी होते हैं। उन्होंने कहा कि शैलेश मटियानी जी ने साहित्य में उत्तराखंड के ग्रामीण संघर्षों को जीवंत किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू करने वाला पहला राज्य उत्तराखंड है। राज्य सरकार ने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए ‘बाल वाटिका’, ‘राज्य पाठ्यचर्या रूपरेखा’ और ‘कौशलम कार्यक्रम’ जैसी पहल शुरू की हैं। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश के 1340 विद्यालयों में वर्चुअल क्लासें और 950 में स्मार्ट क्लासें शुरू हो चुकी हैं। इस वर्ष 550 स्कूलों में व्यावसायिक पाठ्यक्रम और 22 हजार शिक्षकों को टेबलेट दिए गए हैं।

इसे भी पढ़ें – मुख्यमंत्री धामी ने 13 महिलाओं को तीलू रौतेली और 33 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित

कार्यक्रम में सचिव विद्यालयी शिक्षा रविनाथ रामन, अपर सचिव रंजना राजगुरु, स्वर्गीय शैलेश मटियानी के सुपुत्र राकेश मटियानी व श्रीमती गीता मटियानी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और पुरस्कार प्राप्त शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

Saurabh Negi

Share