मानव जीवन अमूल्य, भक्ति में लीन होकर बनाएं इसे सार्थक: श्रीमहंत देवेंद्र दास जी

देहरादून – ऐतिहासिक श्री झंडा जी मेले के दौरान सोमवार को श्री दरबार साहिब में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने संगतों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मानव जीवन अमूल्य है और इसे भक्ति में लीन होकर सार्थक बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सच्चे भाव से किया गया भजन-भक्ति ही ईश्वर की प्राप्ति का मार्ग है। श्री दरबार साहिब परिसर में संगतों ने माथा टेका और श्री झंडे जी के दर्शन कर मनौतियां मांगीं। श्रीमहंत जी ने श्री झंडे जी के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मेला श्रद्धा, सेवा और समर्पण की मिसाल है। मंगलवार को नई संगतों को परंपरानुसार नामदान और गुरु मंत्र प्रदान किया जाएगा। सिखों के सातवें गुरु श्री गुरु हर राय जी के पुत्र श्री गुरु राम राय जी महाराज ने देहरादून को अपनी तपस्थली बनाया था। उनके जन्मदिवस पर होली के पांचवे दिन से यह मेला हर वर्ष आयोजित होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद स्वरूप विशाल ध्वज स्थापित किया था, जो आज श्रद्धा का केंद्र बना हुआ है।
प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने श्री दरबार साहिब पहुंचकर माथा टेका और श्रीमहंत जी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश से जुड़े समसामयिक मुद्दों पर चर्चा की और सभी श्रद्धालुओं को मेले की शुभकामनाएं दीं।
श्री दरबार साहिब का पवित्र सरोवर आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ओजोन वाटर फिल्ट्रेशन तकनीक से सरोवर का जल स्वच्छ बना हुआ है। रात के समय दूधिया रोशनी में सरोवर की छवि अद्भुत प्रतीत हो रही है। पूरे परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और सजावट से सजाया गया है।
मेले के लिए गिलाफ सिलाई कार्य तेज़ी से पूरा किया जा रहा है। तीन परतों वाले गिलाफ में 41 सादे, 21 शनील और 1 दर्शनी गिलाफ चढ़ाए जाएंगे। महिला संगतें पूरी श्रद्धा के साथ इस कार्य में जुटी हैं।
सुरक्षा और स्वास्थ्य की पुख्ता व्यवस्था
मेले में 42 CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की टीम द्वारा निशुल्क दवाएं दी जा रही हैं। दो एम्बुलेंस और 500 स्वयंसेवक मेला व्यवस्था में लगे हैं। सुरक्षा के लिए 25 अग्निशमन यंत्र और 35 वर्दीधारी गार्ड तैनात हैं।